रिटायरमेंट के कुछ महीनों बाद दर्दनाक अंत, देहरादून में पूर्व अपर सचिव ने की आत्महत्या

देहरादून। राजधानी देहरादून के ओल्ड नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से मंगलवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। गोपन विभाग से इसी वर्ष सेवानिवृत्त हुए अपर सचिव ओंकार सिंह (61) ने अपने आवास पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे।

पुलिस के अनुसार घटना के समय उनकी पत्नी सब्जी लेने के लिए बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान एक पड़ोसी की नजर घर पर पड़ी तो उन्होंने ओंकार सिंह को सीढ़ियों की रेलिंग से चादर के फंदे के सहारे लटका हुआ देखा। पड़ोसी ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारकर बल्लूपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद ओंकार सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि शव का कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में लंबे समय से बीमारी से परेशान होने की बात सामने आई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!