देहरादून | माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा से जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण का सशक्त माध्यम बने जनता दर्शन कार्यक्रम में एक बार फिर जिला प्रशासन की संवेदनशील और त्वरित कार्यशैली देखने को मिली। प्रत्येक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं, जिनका समयबद्ध समाधान किया जा रहा है।
विगत जनता दर्शन कार्यक्रम में सहस्त्रधारा क्षेत्र की निवासी बुजुर्ग महिला हरदीप कौर ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी पीड़ा रखते हुए बताया कि उनके नाम ₹35,000 का पेयजल बिल आ गया है, जिसे चुकाने में वह असमर्थ हैं। उन्होंने बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं, आय का कोई स्थायी साधन नहीं है और अक्सर बीमारी के कारण परेशान रहती हैं।
कनेक्शन कटवाने के नाम पर ठगी का भी बनीं शिकार
बुजुर्ग महिला ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने जल कनेक्शन कटवाने के लिए आवेदन किया था। इस दौरान कुछ लोग उनके घर आए और ₹5,000 लेकर चले गए, लेकिन कनेक्शन नहीं काटा गया। बाद में जब वह जल संस्थान कार्यालय पहुंचीं तो पता चला कि ऐसे किसी कर्मचारी की वहां तैनाती ही नहीं है। इस तरह वह ठगी का भी शिकार हुईं।
डीएम के निर्देश पर तुरंत हुई कार्रवाई
बुजुर्ग महिला की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल जल संस्थान से रिपोर्ट तलब कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जांच के बाद जल संस्थान द्वारा 27 माह के लंबित ₹35,000 के पेयजल बिल को संशोधित कर ₹14,372 में सेटल किया गया।
महिला की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने राइफल फंड से ₹14,372 की धनराशि जल संस्थान को भुगतान करने के निर्देश दिए। यह राशि चेक के माध्यम से जल संस्थान को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे बुजुर्ग महिला को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
वरिष्ठ नागरिकों के मामलों में संवेदनशीलता के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और ऐसे प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए।
जनता दर्शन बना आमजन के लिए भरोसे का मंच
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह जरूरतमंद, असहाय और पीड़ित नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दर्शन कार्यक्रम आज आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बन चुका है, जिससे सरकार और प्रशासन के प्रति जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।













Leave a Reply