कोटद्वार/नई दिल्ली। उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी मोहम्मद दीपक ने नई दिल्ली स्थित नेता विपक्ष Rahul Gandhi के आवास पर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने दीपक का आत्मीयता के साथ स्वागत किया और उन्हें गले लगाकर सम्मान प्रकट किया। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर उठा विवाद चर्चा में रहा था। इस प्रकरण को लेकर राहुल गांधी ने पहले सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया भी व्यक्त की थी, जिसके बाद मामला और सुर्खियों में आ गया था।
वैभव वालिया के नेतृत्व में हुई मुलाकात
जानकारी के अनुसार, अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव Vaibhav Walia के नेतृत्व में दीपक ने राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इसे एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संवाद बताया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, मोहम्मद दीपक अपने मानवीय कार्यों और सामाजिक सौहार्द के प्रयासों के कारण पहचान बना चुके हैं। राहुल गांधी ने उनसे विस्तृत बातचीत कर उनके प्रयासों की सराहना की और आगे भी समाज में सकारात्मक कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
मानवता और सौहार्द का संदेश
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मुलाकात केवल व्यक्तिगत सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में भाईचारे, करुणा और सेवा भाव के मूल्यों को रेखांकित करने का संदेश भी देती है।
राहुल गांधी द्वारा दीपक को अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मान देना यह दर्शाता है कि वे जमीनी स्तर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों के साथ संवाद को महत्व देते हैं।













Leave a Reply