देहरादून में भीषण गर्मी का कहर, पारा 40 डिग्री पार; मौसम विभाग ने जारी किया लू का अलर्ट

देहरादून में गर्मी ने मई महीने में ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। बुधवार को राजधानी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंतनगर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना जताते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है।

अगले सात दिन तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून में अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी जारी रह सकती है। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री, जबकि शुक्रवार और शनिवार को करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 24 और 25 मई को भी पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। 26 मई को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पहाड़ों में हल्की बारिश की संभावना

जहां मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में बेहद हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी बढ़ा तापमान

मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय इलाकों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और टिहरी में 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने आपदा परिचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अस्पतालों में ओआरएस, आईवी फ्लूड्स और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

  • दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
  • अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
  • हल्के और सूती कपड़े पहनें
  • लू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!