छरबा, खेरूवा और आरकेडिया ग्रांट प्रेमनगर में जल्द शुरू होंगे गोसदन, खेरूवा में 49.98 लाख रुपये स्वीकृत
देहरादून, निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण और बेहतर देखभाल को लेकर जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनपद स्तरीय निराश्रित गोवंश अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गोवंश संरक्षण, गोसदनों के संचालन और नए गोसदनों की स्थापना की विस्तृत समीक्षा की गई।
निर्धारित समय में पूरे हों गोसदन निर्माण कार्य : डीएम
जिलाधिकारी ने स्वीकृत नवीन गौशालाओं के निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
तीन गोसदनों को राजकीय मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू
बैठक में डोईवाला स्थित श्री हंस कालू सिद्व बाबा जी गौशाला ट्रस्ट एवं गुरु राम राय एजुकेशन मिशन दरबार साहिब द्वारा भण्डारीबाग और करनपुर में संचालित गोसदनों को राजकीय मान्यता देने पर विचार किया गया। जिलाधिकारी ने भूमि अभिलेख, पशु कल्याण बोर्ड की संस्तुति और विभागीय निरीक्षण रिपोर्ट सहित सभी मानक शीघ्र पूर्ण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ऋषिकेश के लक्कड़ घाट में भी जल्द शुरू होगा गोसदन
ऋषिकेश स्थित लक्कड़ घाट में गोसदन संचालन के लिए जिला पंचायत से एनओसी मिलने के बाद जिलाधिकारी ने नगर निगम ऋषिकेश को गोसदन का संचालन शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम को अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता हो तो तत्काल मांग प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।
खेरूवा और छरबा में करोड़ों की लागत से बनेंगे गोसदन
विकासखंड कालसी के खेरूवा में गोसदन निर्माण हेतु 49.98 लाख रुपये की धनराशि शीघ्र अवमुक्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं सहसपुर विकासखंड के ग्राम छरबा में गोसदन निर्माण के लिए 46.65 लाख रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
इसके अतिरिक्त, प्रेमनगर के मौजा आरकेडिया ग्रांट में नवनिर्मित गौशाला परिसर की बाउंड्री वॉल के लिए शेष 14.62 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
बीमार और घायल पशुओं का समय पर इलाज अनिवार्य
जिलाधिकारी ने गोसदनों में रह रहे पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमार एवं घायल पशुओं के समुचित उपचार और समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के लिए संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आश्रय व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
नए गोसदनों से बढ़ेगी पशु आश्रय क्षमता
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में देहरादून जनपद में 10 पंजीकृत गोसदन संचालित हैं, जिनकी कुल क्षमता लगभग 3700 निराश्रित पशुओं की है।
उन्होंने बताया कि डोईवाला, चकराता, रायपुर, रायवाला और विकासनगर में नए गोसदनों के निर्माण प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं। सभी निर्माण पूर्ण होने के बाद जनपद में पशु आश्रय क्षमता बढ़कर लगभग 5400 हो जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश जोशी सहित पशुपालन, वन विभाग, जिला पंचायत और नगर निकायों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।













Leave a Reply