देहरादून जनदर्शन में बड़ा एक्शन: बच्चों की पढ़ाई से जल कनेक्शन तक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून।  मा0 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आमजन के लिए विश्वास का मंच बनता जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में जनता दर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 191 शिकायतें दर्ज की गईं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

भरण-पोषण एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश

नालापानी चौक निवासी वृद्धा सुनीता शर्मा ने पुत्र और बहू द्वारा मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत की। मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा है। डीएम ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ से नंदिता की पढ़ाई जारी रहेगी

धर्मपुर निवासी विधवा पिंकी सैनी ने आर्थिक तंगी के कारण पुत्री नंदिता की फीस जमा न कर पाने की बात रखी। डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को जांच कर बेटी की शिक्षा जारी रखने हेतु प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए।

फीस न जमा होने पर रोकी गई टीसी, डीएम सख्त

चन्द्रबनी निवासी बविता सिंह ने बताया कि आर्थिक संकट के चलते उनके तीन बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई है। बच्चे दून बैन्टेज स्कूल में अध्ययनरत थे, लेकिन फीस न जमा होने पर विद्यालय द्वारा टीसी जारी नहीं की जा रही थी।

डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि बच्चों की टीसी तत्काल जारी कर निकटवर्ती राजकीय विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।

छात्र को परीक्षा से रोकने पर निर्देश

विन्दाल निवासी अलीशा खत्री ने शिकायत की कि उनके पुत्र को आठ माह की फीस लंबित होने के कारण एसजीआरआर विद्यालय द्वारा परीक्षा में बैठने से रोका जा रहा है। जिलाधिकारी ने शुल्क विवरणी उपलब्ध कराने और छात्र की पढ़ाई बाधित न होने देने के निर्देश दिए।

जल कर माफी और जल संयोजन बहाली

प्रतीपनगर निवासी अनीता देवी ने आर्थिक तंगी के चलते जल कर माफी की गुहार लगाई। डीएम ने प्रकरण को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अंतर्गत अग्रसारित करने के निर्देश दिए।

वहीं, विकासनगर निवासी रूपा गुप्ता के जल संयोजन काटे जाने के मामले में अधिशासी अभियंता को तत्काल कनेक्शन बहाल करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग पर मांगी रिपोर्ट

क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बताया कि क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग का निर्माण लंबित होने से लगभग 15 गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से विस्तृत रिपोर्ट तलब की।

अन्य प्रमुख निर्देश

  • पंचायत घर क्यारा में नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण हेतु जांच के निर्देश
  • राजकीय इंटर कॉलेज काण्डोई भरम में पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश
  • सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण मामले में तहसीलदार को जांच आदेश
  • भूमि दाखिल-खारिज और पैमाइश मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
  • टिहरी बांध परियोजना पुनर्वास स्थल बंजरावाला के भूखंडों की पैमाइश के निर्देश

प्रशासन की प्राथमिकता: समयबद्ध समाधान

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।

जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!