देहरादून – मा० गृहमंत्री भारत सरकार के देहरादून/हरिद्वार में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की समीक्षा के उपरान्त जिलाधिकारी सविन बंसल ने तहसील भगवानपुर स्थित राज्य के आंगनबाड़ी सामग्री आपूर्तिकर्ता सेंट्रल गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
लंबे समय से प्राप्त इनपुट्स के अनुसार जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही राशन और पोषण सामग्री की गुणवत्ता पर विस्तृत परीक्षण की आवश्यकता थी। मा० मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में यह निरीक्षण किया गया ताकि नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न हो।
निरीक्षण में प्रमुख गतिविधियां:
- आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही खजूर, केले और अंडों के सैंपल लिए गए।
- गोदाम में खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और तापमान नियंत्रण की व्यवस्था का आकलन किया गया।
- आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति के लिए डिस्पैच होने वाले वाहनों को मौके पर रोककर सैंपलिंग कराई गई।
- टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए सामग्री लेकर जा रहे वाहनों की जांच कर खाद्य सामग्री के नमूने सुरक्षित किए गए।
जिलाधिकारी का संदेश:
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि राज्य के नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति की जा रही सामग्री की गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत की तत्काल सूचना प्रशासन को दें, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण में उपस्थित अधिकारी:
उप जिलाधिकारी सदर हरि गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्रदेव, कानूनगो भगवानपुर संजय कुमार, श्रम विभाग से अनिल पुरोहित सहित संबंधित अधिकारी निरीक्षण में मौजूद रहे।













Leave a Reply