
बैठक में कार्निवाल के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, सड़कों की व्यवस्था, पेयजल और शहर के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटकों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने निर्देश दिए कि मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों और पुराने भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल की गतिविधियों से जोड़ा जाए। इन स्थलों पर स्थानीय इतिहास, परंपराओं, लोककला और क्षेत्रीय व्यंजनों से संबंधित आकर्षक कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर काम किया जाए। इससे पर्यटकों को मसूरी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान जानने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्निवाल की गतिविधियों में स्थानीय कलाकारों, होटल व्यवसायियों, व्यापारियों और परिवहन सेवा प्रदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आयोजन का लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को देश के अन्य पर्यटन स्थलों पर आयोजित होने वाले सफल कार्निवाल और पर्यटन महोत्सवों का अध्ययन करने के निर्देश भी दिए। वहां अपनाई जाने वाली बेहतर व्यवस्थाओं, नए प्रयोगों और आकर्षक गतिविधियों को मसूरी की परिस्थितियों के अनुरूप शामिल करने की संभावनाएं तलाशने को कहा गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्निवाल की प्रत्येक गतिविधि में गुणवत्ता, बेहतर समन्वय और पर्यटकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समय पर निर्वहन करें, जिससे मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाया जा सके।
बैठक में मसूरी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, उप नगर आयुक्त गौरव कुमार, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, सचिव अजय भार्गव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, पुलिस क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रत्नाकर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply