अल्मोड़ा में मेडिकल इतिहास रचा गया! पहली बार दूरबीन से हुआ एपेंडिक्स ऑपरेशन, मरीज 24 घंटे में डिस्चार्ज

अल्मोड़ा स्थित पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार Laparoscopic Appendectomy (दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का ऑपरेशन) सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह ऑपरेशन अस्पताल के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. अमित सुकोटी एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

तीन महीने से दर्द से परेशान था मरीज

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय शुभम पाण्डे पिछले करीब तीन महीनों से असहनीय पेट दर्द से पीड़ित थे। आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज कर दिया गया। मरीज एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकों और पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

सीमित संसाधनों में बड़ी उपलब्धि

इस सफलता के केंद्र में रहे डॉ. अमित सुकोटी को आधुनिक तकनीकों में पारंगत एवं कुशल सर्जनों में माना जाता है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस दक्षता और आत्मविश्वास के साथ इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह जिला चिकित्सालय के लिए गर्व का विषय बन गया है।

विशेष बात यह है कि डॉ. सुकोटी को रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी अनुभव है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार द्वारा जिला चिकित्सालय को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो भविष्य में यहां रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं भी शुरू हो सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर जाने से राहत मिलेगी।

जल्द शुरू होगा हर्निया का लेप्रोस्कोपिक उपचार

डॉ. अमित सुकोटी ने बताया कि भविष्य में अस्पताल में हर्निया के मरीजों का भी IPOM विधि से लेप्रोस्कोपिक उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, शीघ्र रिकवरी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे की रही अहम भूमिका

जिला चिकित्सालय में आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सुविधा शुरू करवाने में सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने लंबे समय तक लगातार प्रयास करते हुए अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक मशीन एवं जनरल एनेस्थीसिया (G.A.) मशीन उपलब्ध करवाने के लिए शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष आवाज उठाई।

बताया गया कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्हें कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार करना पड़ा तथा सूचना के अधिकार (RTI) का भी सहारा लेना पड़ा। उनके प्रयासों और चिकित्सकों की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

पहले से हो रहे हैं गोलब्लैडर के सफल ऑपरेशन

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष से जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में लेप्रोस्कोपिक दूरबीन विधि द्वारा गोलब्लैडर (Gallbladder) के सफल ऑपरेशन लगातार किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें उपचार के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ रहा।

प्रमुख अधीक्षक ने टीम को दी बधाई

अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. एच.सी. गड़कोटी ने ऑपरेशन में शामिल पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा सीमित संसाधनों में भी मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ऑपरेशन टीम में शामिल रहे

  • डॉ. अमित सुकोटी — जनरल सर्जन
  • डॉ. पल्लवी चौहान — निश्चेतक
  • नर्सिंग स्टाफ — सरिता, प्रियंका एवं नेहा
  • वार्डबॉय — धर्मेन्द्र, राजेन्द्र बिष्ट एवं शोभा

संजय पाण्डे ने क्या कहा

सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि उनका प्रयास हमेशा यही रहेगा कि अल्मोड़ा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही मिलें और छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए मरीजों को बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि जनहित के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!