मौसम का कहर! चन्द्रशिला में वज्रपात से दो लोग घायल, राहत-बचाव में जुटी SDRF

रुद्रप्रयाग जनपद के प्रसिद्ध चन्द्रशिला-तुंगनाथ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक हुए वज्रपात की घटना से हड़कंप मच गया। आकाशीय बिजली गिरने से दो यात्री घायल हो गए, जिसके बाद प्रशासन, SDRF और DDRF की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार अपराह्न करीब 02:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग द्वारा आरटी सेट के माध्यम से जिला प्रशासन को सूचना दी गई कि चन्द्रशिला-तुंगनाथ ट्रेकिंग मार्ग पर वज्रपात हुआ है और दो लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए हैं।

सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) सक्रिय हो गया। प्रशासन ने तत्काल SDRF, DDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मौके पर रवाना किया। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बीच रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित नीचे लाने का अभियान शुरू किया।

घायलों की पहचान वेदांत पुत्र चंद्रप्रकाश (19 वर्ष), निवासी आवास विकास, बिजनौर तथा शैल पत्नी कुलदीप कुमार (35 वर्ष), निवासी सरिता बिहार, दिल्ली के रूप में हुई है।

प्रशासन की ओर से दोनों घायलों को जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। वहीं लगातार बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!