एकतरफा प्यार बना मौत की वजह: हरिद्वार में युवक का सनसनीखेज आत्मघाती कदम

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।

एक युवक ने पहले युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल छीना और फरार हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद क्षेत्र से जुड़ी एक युवती जमालपुर स्थित राम वाटिका में रहकर स्थानीय फैक्ट्री में कार्यरत है।

युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके गांव का ही रहने वाला सुजीत वर्मा अचानक जमालपुर चौक के पास मिला और उससे विवाद करने लगा।

आरोप है कि युवक ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि मोबाइल फोन छीनकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम पीछा करते हुए बहादराबाद क्षेत्र में इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास पहुंची, जहां बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान में युवक का शव बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने अपने पास मौजूद अवैध पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसएसपी Navneet Singh Bhullar ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

युवती से विवाद, धमकी और आत्महत्या के बीच के संबंधों को खंगाला जा रहा है।

साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास अवैध हथियार कहां से आया।

यह घटना एकतरफा भावनाओं के खतरनाक परिणाम को दर्शाती है, जहां आवेग में लिया गया फैसला कई जिंदगियों को प्रभावित कर देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!