देहरादून | देहरादून शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण को बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर में लगाए गए फूलों को उखाड़ने की घटना सामने आई है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने इसे शहर की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्ति के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए चल रहा अभियान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के दिशा-निर्देशों के तहत देहरादून के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और सजावटी फूल-पौधों का रोपण कराया जा रहा है।
शहर को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत सहस्त्रधारा रोड, राजपुर रोड सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों के डिवाइडरों को रंग-बिरंगे मौसमी फूलों और सजावटी पौधों से सजाया गया है। इस पहल से शहर की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और राहगीरों को भी एक सुखद वातावरण मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान सामने आई घटना
एमडीडीए की टीम द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सहस्त्रधारा रोड पर हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि डिवाइडर पर लगाए गए कई फूलों और पौधों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उखाड़ दिया गया है।
प्राधिकरण की टीम ने मौके की तस्वीरें भी संकलित की हैं, जिनसे यह स्पष्ट होता है कि पौधों को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया है।
सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला
एमडीडीए के अनुसार इस प्रकार की घटनाएं न केवल शहर की हरियाली और सौन्दर्यीकरण को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि सरकारी संसाधनों से किए जा रहे विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।
सार्वजनिक धन से किए गए इन प्रयासों को नुकसान पहुंचाना एक गंभीर मामला है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर की सार्वजनिक संपत्ति और सौन्दर्यीकरण कार्यों को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और निगरानी को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नागरिकों से भी सहयोग की अपील
प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि वे देहरादून की हरियाली और सुंदरता को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधि देखी जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी जाए।
एमडीडीए का मानना है कि देहरादून की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली से है, जिसे सुरक्षित और समृद्ध बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है।
क्या बोले एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली को बनाए रखना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और सजावटी पौधों का रोपण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सहस्त्रधारा रोड पर लगाए गए फूलों को उखाड़े जाने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रकार की गतिविधियां शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी संसाधनों की भी हानि करती हैं। ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने दी जानकारी
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों और डिवाइडरों पर लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी दौरान सहस्त्रधारा रोड पर निरीक्षण के समय कुछ फूलों को उखाड़े जाने की घटना सामने आई है।
उन्होंने कहा कि शहर के सौन्दर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाया जा रहा यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी ऐसे असामाजिक तत्वों की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की गई है।













Leave a Reply