नए साल के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना। 100 बसों में से 49 बसें सड़कों पर आ गई हैं, जबकि 51 बसें जल्द ही परिवहन निगम के बेड़े में सम्मिलित हो जाएंगी।
परिवहन निगम ने पहली बार निजी बसों की तरह दो अनुबंधित स्लीपर बसों का संचालन भी शुरू कर दिया है। इससे यात्रियों को खासा सुविधा होगी और परिवहन निगम को मजबूती मिलेगी।
नव वर्ष के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय से फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 10 ऐसी व 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता के लिए समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री द्वारा परिवहन निगम की स्मारिका अनवरत और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कठिन परिस्थितियों में ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठता से कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से बनाई गई नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को मजबूत बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ मिलेगा। इन बसों से आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। सीएम ने कहा कि दुर्गम और पर्वतीय भौगोलिक परस्थितियों वाले उत्तराखंड राज्य में एक सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था नागरिक सुविधा के साथ-साथ आर्थिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।सरकार परिवहन निगम को मजबूत बनाने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अब तक 13 से अधिक बस अड्डों और कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है। साथ ही 14 अन्य स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, जिसमें 4 आईएसबीटी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही परिवहन निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।
सुरक्षा के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग फ्लीट मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी। सरकार ने निगम कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन एवं नई वैकेंसी के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर करने का कार्य किया है।
इस विशेष अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, एमडी परिवहन निगम व अपर सचिव रीना जोशी तथा परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।













Leave a Reply