देहरादून |उत्तराखंड में सशक्त और स्वतंत्र लोकायुक्त के गठन की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इसी को लेकर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (आरआरपी) ने गुरुवार को देहरादून में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन तहसीलदार सुरेश सेमवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय तक प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में पार्टी ने राज्य सरकार से चुनावी घोषणापत्रों में किए गए वादों को तत्काल पूरा करने और बिना देरी लोकायुक्त की नियुक्ति करने की मांग की है। पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
हाईकोर्ट के निर्देशों की अनदेखी का आरोप
लोकायुक्त आंदोलन के संयोजक परमानंद बलोदी ने कहा कि राज्य सरकार ने विभिन्न चुनावों में बार-बार सशक्त लोकायुक्त गठन का वादा किया, लेकिन आज तक यह वादा केवल कागजों तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि माननीय हाईकोर्ट द्वारा लोकायुक्त गठन को लेकर दिए गए निर्देशों की भी लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे जनता में आक्रोश और निराशा बढ़ रही है।
भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप
पार्टी नेता सुमन राम बडोनी ने कहा कि लोकायुक्त के अभाव में प्रदेश में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोकायुक्त कार्यालय के नाम पर होने वाला खर्च जनता के कर के पैसे का दुरुपयोग है, जबकि वास्तविक रूप से संस्था निष्क्रिय बनी हुई है।
सरकार नहीं मानी तो होगा बड़ा आंदोलन
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहती है। लोकायुक्त का गठन केवल संवैधानिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं की, तो पार्टी शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक आंदोलन शुरू करेगी।
जिलाध्यक्ष नवीन पंत ने भी कहा कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में आमरण अनशन सहित अन्य कठोर कदम उठाए जाएंगे। पार्टी ने राज्य सरकार से अपील की है कि वह चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जनहित में तत्काल निर्णय करे।
2013 से खाली पड़ा है लोकायुक्त पद
गौरतलब है कि उत्तराखंड में वर्ष 2013 से लोकायुक्त का पद रिक्त पड़ा है। ऐसे में भ्रष्टाचार निरोधक व्यवस्था की प्रभावशीलता पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। आरआरपी का यह प्रदर्शन प्रदेश में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को नई दिशा दे सकता है।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस अवसर पर राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल, प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल, लोकायुक्त आंदोलन के संयोजक परमानंद बलोदी, सुमन राम बडोनी, वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ अध्यक्ष योगेश ईष्टवाल, महानगर अध्यक्ष नवीन पंत, सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष भगवती प्रसाद गोस्वामी सहित मंजू रावत, सुशीला पटवाल, सुमन रावत, हेमा कोटनाला समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।













Leave a Reply