Breaking: कर्नल के बेटे की हत्या से दहला देहरादून, पुलिस पर उठे सवाल

देहरादून: राजधानी देहरादून में सोमवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने शहर को झकझोर कर रख दिया। परेड ग्राउंड क्षेत्र के पास अज्ञात हमलावरों ने कर्नल के बेटे की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

टेनिस खेलकर लौट रहे थे अर्जुन शर्मा

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (42 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे। अर्जुन शर्मा, कर्नल आर.सी. शर्मा के पुत्र थे और आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा सोमवार को परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने पहुंचे थे। खेल समाप्त करने के बाद जब वह वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड क्षेत्र के पास स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।

सीने में लगी गोली, मौके पर ही मौत

बताया जा रहा है कि हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली सीधे अर्जुन शर्मा के सीने में लगी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और संदिग्धों की तलाश में विशेष टीमें लगाई गई हैं।

बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल

राजधानी देहरादून में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!