Char Dham Yatra 2026: 15 अप्रैल तक फुल प्रिपरेशन का अल्टीमेटम, 50 काउंटर-ग्रीन कार्ड-हाई अलर्ट मोड में प्रशासन

देहरादून।  मा० मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा 2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का खाका स्पष्ट किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और समर्पण का अवसर है। देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा के अनुरूप यात्रियों को सकारात्मक अनुभव दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

डीएम ने स्पष्ट कहा कि धनाभाव के कारण किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिला प्रशासन गेप फंडिंग के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराएगा। सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 ऋषिकेश में 30, विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर

पंजीकरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए:

  • ऋषिकेश में 30 काउंटर
  • विकासनगर में 20 काउंटर
  • 24 घंटे संचालन
  • प्रशिक्षित ऑपरेटर एवं पर्याप्त स्टाफ
  • सुदृढ़ नेटवर्क व्यवस्था
  • मोबाइल पंजीकरण टीमें तैनात

ऑफलाइन पंजीकरण की भी पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड और बैठने की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 होल्डिंग एरिया व ट्रांजिट कैंपों में आधुनिक सुविधाएं

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर और नया गांव में जर्मन हैंगर स्थापित किए जाएंगे। इन स्थानों पर:

  • मेडिकल चेकअप
  • भोजन एवं फूड पैकेट
  • शुद्ध पेयजल
  • शौचालय व स्वच्छता
  • पार्किंग और शटल सेवा

स्वयं सहायता समूहों को भोजन व्यवस्था में प्राथमिकता दी जाएगी।

 होटल, धर्मशाला व हेल्पलाइन नंबर होंगे सार्वजनिक

प्रमुख चौराहों, पार्किंग और यात्रा मार्गों पर होटल, धर्मशाला, आश्रमों के दूरभाष नंबर, कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रसारित होंगी।

 स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष फोकस

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि:

  • विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तैनात हो
  • पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध हो
  • एंबुलेंस व टेस्टिंग किट की व्यवस्था हो
  • हेल्थ एडवाइजरी जारी की जाए

पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी एवं वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षा और मार्गदर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 वाहनों की फिटनेस अनिवार्य, ग्रीन कार्ड व्यवस्था

परिवहन विभाग को यात्रा वाहनों की फिटनेस जांच कर ग्रीन कार्ड जारी करने तथा ट्रिप कार्ड की वैकल्पिक (मैनुअल) व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों के आवागमन के लिए शटल सेवा संचालित की जाएगी।

 सड़क, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर जोर

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को यात्रा मार्गों पर डिवाइडर, पैराफिट और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संस्थान को टीटीएसपी, वाटर एटीएम और टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन की प्रतिबद्धता

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुखद बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित निगरानी के लिए नोडल एवं सेक्टर अधिकारी तैनात किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!