देहरादून में सरकारी स्कूल होंगे हाईटेक: 880 स्मार्ट टीवी से शुरू होगी डिजिटल शिक्षा की नई पहल

देहरादून: मा० मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन देहरादून ने सरकारी विद्यालयों में डिजिटल एजुकेशन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जनपद के सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की स्थापना के लिए 880 एलईडी स्मार्ट टीवी का स्टॉक तैयार कर लिया गया है।

अब निजी विद्यालयों की भांति सरकारी विद्यालयों की प्रत्येक कक्षा में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से डिजिटल एवं इंटरएक्टिव शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को दृश्य-आधारित, रोचक एवं तकनीकी रूप से उन्नत शिक्षा का लाभ मिलेगा।

प्रोजेक्ट ‘उत्कर्ष’ के तहत शिक्षा में व्यापक सुधार

जिला प्रशासन पिछले डेढ़ वर्ष से सरकारी विद्यालयों को प्रोजेक्ट ‘उत्कर्ष’ के तहत सुविधासंपन्न बना रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत—

  • सभी विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था
  • खेल अवस्थापना सुविधाएं
  • शौचालय, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था
  • मंकीनेट सुरक्षा
  • पुस्तकालय (लाइब्रेरी) की सुविधा

जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को सुदृढ़ किया गया है। अब स्मार्ट टीवी के माध्यम से डिजिटल शिक्षा को नई गति दी जाएगी।

गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्री-डिस्पेच इंस्पेक्शन (PDI)

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार खरीदी गई स्मार्ट टीवी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु प्री-डिस्पेच इंस्पेक्शन (PDI) कराया जाएगा।

इसके अंतर्गत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी स्वयं कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, पांडिचेरी जाकर—

  • तकनीकी मानकों की जांच
  • सुरक्षा प्रावधानों का परीक्षण
  • बिड डॉक्यूमेंट में निर्धारित विनिर्देशों का सत्यापन
  • उपकरणों की भौतिक गुणवत्ता निरीक्षण

करेंगे। निरीक्षण में संतोषजनक पाए जाने के बाद ही सामग्री को जनपद में भेजने की अनुमति दी जाएगी।

जिला प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि सार्वजनिक धन का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए और विद्यालयों को उच्च गुणवत्ता के उपकरण उपलब्ध हों।


डिजिटल शिक्षा से विद्यार्थियों को होगा सीधा लाभ

स्मार्ट क्लास परियोजना से—

  • शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं रोचक बनेगी
  • विद्यार्थियों को ऑडियो-विजुअल माध्यम से बेहतर समझ विकसित होगी
  • शिक्षक आधुनिक तकनीक से पढ़ाने में सक्षम होंगे
  • ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालय तकनीकी रूप से सशक्त होंगे

इस पहल से जनपद के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों का लाभ मिलेगा और भविष्य की डिजिटल शिक्षा प्रणाली के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।

जिला प्रशासन देहरादून शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, नवाचार और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!