देहरादून: होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को इस बार रोडवेज बसों की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उत्तराखंड परिवहन निगम ने त्योहार के मद्देनज़र विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है, जिसके तहत लगातार ड्यूटी करने वाले ड्राइवर, कंडक्टर और अन्य कार्मिकों को अतिरिक्त राशि दी जाएगी।
महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक यानी कुल 11 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी।
लगातार 10 दिन ड्यूटी पर 1250 रुपये प्रोत्साहन
निर्धारित अवधि में लगातार 10 दिन तक बिना अवकाश कार्य करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को मार्ग के अनुसार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी—
- मैदानी मार्ग: प्रतिदिन औसत 242 किमी संचालन
- मिश्रित (मैदानी-पर्वतीय) मार्ग: प्रतिदिन औसत 200 किमी संचालन
- पर्वतीय मार्ग: प्रतिदिन औसत 180 किमी संचालन
इन मानकों को पूरा करने पर कर्मचारियों को 1250 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
11 दिन लगातार ड्यूटी पर 1500 रुपये
यदि कोई कर्मचारी 11 दिन तक बिना किसी अवकाश के ड्यूटी करता है, तो उसे निम्न न्यूनतम दूरी पूरी करनी होगी—
- केवल मैदानी मार्ग: 2662 किमी
- मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्ग: 2200 किमी
- केवल पर्वतीय मार्ग: 1980 किमी
इन शर्तों को पूरा करने पर 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
होली के दिन अतिरिक्त लाभ
- होली के दिन कार्यशाला से बस लेकर मार्ग पर जाने वाले ड्राइवर व कंडक्टर को 300 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
- जिन कर्मचारियों का लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाएगा।
अन्य कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारी, डीजल लिपिक, समयपाल, बैग इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, बुकिंग काउंटर कर्मी, एमएसटी और पास बनाने वाले कर्मचारी तथा आउटसोर्स कर्मियों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
यदि ये कर्मचारी 11 दिन की अवधि में केवल एक अवकाश लेकर 10 दिन कार्य करते हैं, तो उन्हें 1000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि इस अवधि में किसी का निर्धारित अवकाश आता है, तो वह अवकाश योजना समाप्त होने के बाद दिया जाएगा।
यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
इस विशेष प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य त्योहार के दौरान अधिक से अधिक बस संचालन सुनिश्चित करना है, ताकि यात्रियों को समय पर और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके। परिवहन निगम का मानना है कि कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने से बसों का संचालन बेहतर रहेगा और होली पर घर लौटने वालों को राहत मिलेगी।













Leave a Reply