श्री दरबार साहिब में पंजाब की पैदल संगत का भव्य स्वागत, श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारों से गूंजा परिसर

देहरादून:  देहरादून स्थित श्री दरबार साहिब में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले की भव्यता उस समय और बढ़ गई, जब पंजाब के विभिन्न हिस्सों से 150 सदस्यीय पैदल संगत रविवार शाम यहां पहुंची। दर्शनी गेट पर पहुंचते ही संगत का पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी जयकारों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में मेला आयोजन समिति, प्रबंधन समिति और दूनवासियों ने संगत का पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संगत का स्वागत हुआ और श्री महंत जी ने संगत को दर्शन व आशीर्वाद प्रदान किया। पूरे क्षेत्र में श्री गुरु राम राय जी महाराज के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बन गया।

ढोल की थाप पर झूमी संगत, मेले की रौनक बढ़ी

शाम करीब 5 बजे दर्शनी गेट पहुंची संगत ने ढोल की थाप पर भक्ति नृत्य करते हुए श्री गुरु राम राय जी महाराज की महिमा का गुणगान किया। संगत के आगमन से श्री झण्डे जी मेले की दिव्यता और भव्यता में चार चांद लग गए हैं।

इससे पूर्व रविवार दोपहर 3:15 बजे श्री दरबार साहिब प्रबंधन की ओर से प्राइमरी स्कूल कांवली में भी संगत का स्वागत किया गया। इसके बाद शोभायात्रा के रूप में संगत श्री दरबार साहिब पहुंची।

देश-विदेश से संगतों का आगमन शुरू

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने जानकारी दी कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंजाब से पैदल संगत श्री झण्डे जी आरोहण और मेले का साक्षी बनने के लिए देहरादून पहुंची है। बुधवार से देश-विदेश से आने वाली संगतों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है।

श्रद्धालुओं और संगतों के स्वागत एवं ठहरने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। परंपरा के अनुसार 7 मार्च को पूरब की संगत की विदाई होगी, जबकि 8 मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के साथ ही इस वर्ष के मेले का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!