देहरादून। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी (RRP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 2017 में किए गए लोकायुक्त गठन के चुनावी वादे की याद दिलाने के लिए अनोखा विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी 7 मई को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को ‘बादाम भेंट’ कर यह संदेश देगी कि अब वादा याद करने का समय आ गया है।
यह घोषणा आज देहरादून स्थित पार्टी कार्यालय D-80, साकेत कॉलोनी, अजबपुर कल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल, प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल और जिला अध्यक्ष नवीन पंत मौजूद रहे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान 100 दिनों के भीतर लोकायुक्त गठन का वादा किया था, लेकिन करीब 9 साल बीतने के बाद भी यह वादा अधूरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई 2026, बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे नेहरू कॉलोनी स्थित फव्वारा चौक पर कार्यकर्ता एकत्र होंगे। इसके बाद सभी कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को प्रतीकात्मक रूप से बादाम भेंट करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।
जिला अध्यक्ष नवीन पंत ने कहा कि राज्य की जनता भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहती है और लोकायुक्त इसका सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द लोकायुक्त का गठन करना चाहिए।
पार्टी ने इस आंदोलन में अन्य राजनीतिक दलों और जनसंगठनों से भी समर्थन की अपील की है।












Leave a Reply