टिहरी जिले के चंबा-आराकोट क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा एक हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। घटना के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर की खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलिकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून की ओर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान चंबा-आराकोट क्षेत्र के सत्यो-सकलाना इलाके के ऊपर उड़ान के समय हेलिकॉप्टर तकनीकी समस्या का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हेलिकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तत्काल खेतों में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया गया। आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों को सुरक्षित पाया गया है। वहीं, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में तेज हवाओं के कारण हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की बात सामने आई है।
फिलहाल तकनीकी और एविएशन एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।












Leave a Reply