सीएचसी रायपुर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, मरीजों से सीधे पूछा इलाज का हाल

देहरादून : उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर उपस्थित मिले।

स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले पर्चा काउंटर का निरीक्षण किया, इसके बाद ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, इमरजेंसी वार्ड और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी भी ली। इस दौरान मंत्री ने शुक्रवार को संचालित ईसीजी ओपीडी का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि चिकित्सकों को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने की आवश्यकता न पड़े।

उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मरीजों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी किया निरीक्षण

स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान सीएचसी रायपुर की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नए भवन के तैयार होने के बाद क्षेत्रवासियों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अत्याधुनिक संसाधनों और सुव्यवस्थित चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से अस्पताल की कार्यक्षमता में और अधिक सुधार आएगा।

मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, दवाइयां और आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!