रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं के बीच वन विभाग ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जखोली रेंज के तैला वन क्षेत्र में जंगल में आग लगाते हुए एक व्यक्ति को ड्रोन निगरानी के दौरान पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 की शाम करीब 7:15 बजे जखोली रेंज अंतर्गत तैला कक्ष संख्या-07 में ड्रोन के माध्यम से वनाग्नि की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान ड्रोन कैमरे में एक व्यक्ति जंगल में आग लगाता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही वन दरोगा बड़मा अनुभाग और बीट अधिकारी तैला मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने पूरी रात आरोपी की तलाश की। अगले दिन 21 मई को विभागीय अधिकारियों ने दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में आरोपी की पहचान ग्राम एवं पोस्ट पंद्रोला कुमड़ी, तहसील जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग निवासी व्यक्ति के रूप में हुई।
वन विभाग द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने जंगल में आग लगाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद विभाग ने उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 (संशोधित 2001) की धारा 26(ख) एवं 26(ग) के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। इन धाराओं के अंतर्गत आर्थिक दंड के साथ अधिकतम दो वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है। विभाग आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रहा है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग लगातार जारी रहेगा तथा जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply