Rabi Marketing Season 2026-27: कार्यालय सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, गढ़वाल सम्भाग, देहरादून की ओर से रबी विपणन सत्र 2026-27 के तहत किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जारी अपील के अनुसार, गढ़वाल क्षेत्र में गेहूं खरीद 01 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि गेहूं विक्रय के लिए किसानों को खाद्य विभाग के स्मार्ट पीडीएस एप पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के दौरान किसानों को आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी तथा भू-अभिलेखों के आधार पर बुआई के रकबे की सही एवं स्पष्ट जानकारी दर्ज करनी होगी।
राज्य सरकार द्वारा नामित क्रय संस्थाओं के माध्यम से संचालित केंद्रों पर केवल स्मार्ट पीडीएस एप में पंजीकृत किसानों से ही गेहूं खरीदा जाएगा। पंजीकरण के बाद किसान खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, एनसीसीएफ, यूकेयूएसएस तथा यूकेपीसीयू के माध्यम से अपना गेहूं विक्रय कर सकेंगे।
भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्तानुसार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है।
रबी विपणन सत्र 2026-27 के अंतर्गत गढ़वाल संभाग के हरिद्वार, देहरादून एवं पौड़ी गढ़वाल जनपदों में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपना उत्पाद साफ-सुथरा एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही क्रय केंद्रों पर लाएं, ताकि उन्हें निर्धारित MSP का लाभ मिल सके।
किसी भी असुविधा की स्थिति में किसान संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी, उप सम्भागीय विपणन अधिकारी, सम्भागीय विपणन अधिकारी, सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, उप जिलाधिकारी या जिला खरीद अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सहायता हेतु दूरभाष नंबर 0135-2722897 पर भी संपर्क किया जा सकता है।












Leave a Reply