देहरादून: जनदर्शन में 163 शिकायतें, डीएम सविन बंसल के सख्त निर्देश—मौके पर दर्ज हुए 5 भरण-पोषण वाद, विधवा को आर्थिक सहायता

देहरादून,  मा. मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा आयोजित जनदर्शन/जनसुनवाई कार्यक्रम में जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन की अध्यक्षता जिलाधिकारी सविन बंसल ने की। कार्यक्रम में कुल 163 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, अतिक्रमण, भरण-पोषण, बैंक ऋण, आर्थिक सहायता, सीवर, विद्युत पोल शिफ्टिंग और श्रम विवाद से जुड़े मामले शामिल रहे।

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कर शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

विधवा सुनीता को रायफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता, पेंशन स्वीकृत

इंद्रानगर डाकल चौक निवासी विधवा सुनीता ने आर्थिक संकट की जानकारी देते हुए तीन बच्चों के पालन-पोषण में कठिनाई की बात रखी। डीएम ने प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी को विधवा पेंशन तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग दंपति को पुत्रों ने घर से निकाला, मौके पर दर्ज हुआ भरण-पोषण वाद

रेसकोर्स क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत की कि उनके पुत्र उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं और मारपीट करते हैं। डीएम ने मौके पर ही भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराया। जनदर्शन के दौरान इस अधिनियम के अंतर्गत 5 से अधिक वाद दर्ज किए गए।

81 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संपत्ति हड़पने का मामला

दौड़वाला निवासी 81 वर्षीय कान्ता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी नातिन के पति ने धोखे से संपत्ति अपने नाम कराकर भूमि बेच दी और बैंक खाते से धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली। वर्ष 2024 में नातिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु भी हो चुकी है। डीएम ने उप जिलाधिकारी (न्याय) को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीवर लाइन, सड़क गुणवत्ता और विद्युत पोल शिफ्टिंग पर कार्रवाई के निर्देश

  • कारगी चौक निवासी दुर्गा प्रसाद नौटियाल की सीवर लाइन से जुड़ी शिकायत पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व यूयूएसडीए से रिपोर्ट मांगी गई।
  • विधाता एन्कलेव निवासी सुरेश चौहान की विद्युत पोल शिफ्टिंग में देरी पर अधिशासी अभियंता विद्युत से जवाब तलब किया गया।
  • मोथरोवाला निवासी आनंदमणि डिमरी द्वारा एडीबी सड़क निर्माण में गुणवत्ता की शिकायत पर प्रोजेक्ट निदेशक यूयूएसडीए को जांच के निर्देश दिए गए।

पुलिस पब्लिक स्कूल की शिक्षिका प्रकरण में 3 दिन में रिपोर्ट तलब

सेवानिवृत्त शिक्षिका सुशीला नेगी ने पुलिस पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जांच कर 20 फरवरी तक एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अवैध अतिक्रमण और भूमि विवाद की जांच के आदेश

छरबा क्षेत्र में विनोबा भावे ट्रस्ट की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर उप जिलाधिकारी विकासनगर की अध्यक्षता में समिति गठित कर 10 दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया।

फाइनेंस कंपनी द्वारा बिना अभिलेख लोन देने का मामला

एक बुजुर्ग पिता ने शिकायत की कि उनके पुत्र को बिना समुचित दस्तावेज केवल बिजली बिल के आधार पर पर्सनल लोन दे दिया गया। वसूली नोटिस घर पर चस्पा किए जाने पर डीएम ने मामले में डीजीसी सिविल से विधिक राय मांगी है।

मजदूरी भुगतान और सेवा लाभ से जुड़े मामले

  • सुधोवाला निवासी श्रमिक मुन्ना सिंह चौहान की मजदूरी रोकने और औजार जब्त करने की शिकायत पर सहायक श्रम आयुक्त को जांच के निर्देश।
  • आर्यनगर निवासी हरिराम दुबे की बकाया देयकों से संबंधित शिकायत पर भी श्रम विभाग को कार्रवाई के आदेश।

जन सुरक्षा की गारंटी: मौके पर ऑनलाइन प्राथमिकी

जनदर्शन के दौरान कई मामलों में ऑनलाइन प्राथमिकी भी मौके पर दर्ज कराई गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि तत्काल समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन देहरादून द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आमजन के लिए राहत का मंच बनता जा रहा है। त्वरित कार्रवाई, मौके पर वाद दर्ज करने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने से जनता का विश्वास मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!