Advertisement

6 साल का प्यार, निकाह दूसरी युवती से तय! बारात से पहले प्रेमिका पहुंची पुलिस चौकी

हरिद्वार: हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में छह साल पुराने प्रेम संबंध को लेकर मामला पुलिस चौकी पहुंच गया। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का वादा कर संबंध बनाए, लेकिन अब वह किसी दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है। प्रेमी की बारात निकलने से पहले युवती पुलिस चौकी पहुंच गई और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर चौकी इलाके के एक गांव से जुड़ा है। युवती के मुताबिक, भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ वर्ष 2020 से उसका प्रेम संबंध था। दोनों के बीच करीब छह साल तक रिश्ता रहा। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के चलते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का कहना है कि पिछले करीब तीन महीनों से युवक के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह निकाह की बात को टालने लगा, हालांकि उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाता रहता था। युवती के अनुसार, एक दिन पहले भी युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाने की बात कही थी।

इसी बीच युवती को पता चला कि युवक 24 नवंबर को किसी दूसरी युवती से निकाह करने जा रहा है। यह जानकारी मिलने के बाद युवती सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंची और युवक पर निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

युवती ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। साथ ही वह युवक से निकाह करने की बात पर भी अड़ी रही। बताया जा रहा है कि लोगों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर कायम रही।

पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह स्वयं चौकी नहीं पहुंचा। बताया गया कि उसकी जगह कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे। बारात निकलने से ठीक पहले शिकायत पहुंचने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं शुरू हो गईं।

सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, युवती की ओर से तहरीर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!