
माला विवाद से गरमाई उत्तराखंड की राजनीति
बागेश्वर में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम के दौरान मंच पर हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच माला को लेकर हुई कथित खींचतान का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस की नेतृत्व व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने इस घटनाक्रम को पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी के सामने ही मंच पर ऐसी स्थिति बनना पार्टी की अंदरूनी खींचतान को उजागर करता है। उनके मुताबिक, प्रदेश प्रभारी के उत्तराखंड दौरे का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना होना चाहिए, लेकिन हर दौरे के बाद गुटबाजी की चर्चाएं और तेज हो जाती हैं।
मथुरा दत्त जोशी ने लोहाघाट, खटीमा और पिथौरागढ़ में सामने आए घटनाक्रमों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के अलग-अलग कार्यक्रमों में नेताओं के बीच मतभेद सार्वजनिक होते रहे हैं। बागेश्वर की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि मंच पर जिस तरह की स्थिति दिखाई दी, उससे विवाद बढ़ने की आशंका नजर आ रही थी।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर नेताओं की दावेदारी पर भी तंज कसा। उनका कहना है कि पार्टी में नेतृत्व को लेकर खींचतान है और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।
कांग्रेस ने भाजपा को ही घेरा, वायरल वीडियो पर उठाए सवाल
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस नेत्री सुजाता पॉल ने पलटवार किया। उन्होंने माला को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि फूलों की माला प्रेम, सम्मान और स्वागत का प्रतीक होती है। ऐसे में इसे राजनीतिक विवाद का रूप देना उचित नहीं है।
सुजाता पॉल ने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि सोशल मीडिया पर वायरल अधूरी क्लिप के आधार पर टिप्पणी करने के बजाय पूरे कार्यक्रम का वीडियो देखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम के दौरान हरीश रावत, यशपाल आर्य और प्रदेश प्रभारी शैलजा सामान्य रूप से मंच पर मौजूद थे और कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।
कांग्रेस नेत्री ने भाजपा के भीतर भी नेताओं के बीच मतभेदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने अजय भट्ट, अनिल बलूनी, त्रिवेंद्र सिंह रावत और अरविंद पांडे का जिक्र करते हुए सवाल किया कि भाजपा अपने नेताओं के बीच मतभेदों पर क्या जवाब देगी।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से संसद में उत्तराखंड में अवैध खनन का मुद्दा उठाए जाने का उदाहरण देते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उनका कहना था कि जब पार्टी के अपने नेता सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं, तो कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने भीतर भी देखना चाहिए।
अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठा
माला विवाद के बीच कांग्रेस नेत्री सुजाता पॉल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के गंभीर और संवेदनशील सवालों से जनता का ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक मुद्दों को तूल दिया जा रहा है।
सुजाता पॉल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार से सवाल किया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक किए जाने की मांग भी दोहराई।
फिलहाल बागेश्वर में माला पहनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया कारण बन गया है। एक तरफ भाजपा इसे कांग्रेस की गुटबाजी से जोड़ रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भाजपा की अंदरूनी राजनीति और सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रही है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में इस तरह के विवाद आने वाले दिनों में और गरमा सकते हैं।













Leave a Reply