Advertisement

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की एल्यूमनाई मीट में पुरानी यादों के साथ देर रात तक चला जश्न

देहरादून: पुराने दोस्त, कॉलेज के किस्से, गीत-संगीत और हंसी-ठिठोली… वर्षों बाद जब श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के पूर्व छात्र अपने संस्थान के आंगन में एक साथ जुटे, तो माहौल यादों और खुशियों से भर उठा। विश्वविद्यालय के पथरी बाग परिसर में आयोजित एल्यूमनाई मीट-2026 में पूर्व छात्र-छात्राओं ने पुराने दिनों को याद करते हुए जमकर जश्न मनाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, अनुभवों की साझेदारी और दोस्तों के साथ बिताए खुशनुमा पलों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरी बाग परिसर में आयोजित एल्यूमनाई मीट-2026 का शुभारंभ कुलपति डॉ. विपिन चन्द्र घिल्डियाल और कुलसचिव डॉ. सोनिका कण्डारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं ने वर्षों बाद अपने संस्थान पहुंचकर पुराने सहपाठियों, शिक्षकों और परिसर से जुड़ी यादों को फिर से जीवंत किया।

कुलपति डॉ. विपिन चन्द्र घिल्डियाल ने कहा कि एल्यूमनाई किसी भी विश्वविद्यालय की अमूल्य धरोहर और उसकी उपलब्धियों के सशक्त प्रतिनिधि होते हैं। उन्होंने पूर्व छात्रों से ‘सीखें, कमाएं और लौटाएं’ की भावना के साथ विश्वविद्यालय से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और मेंटरशिप कर उन्हें अपने सपनों व लक्ष्यों को हासिल करने में सहयोग दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बिताया गया समय विद्यार्थियों के जीवन में केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, सोच और भविष्य की नींव भी तैयार करता है। पूर्व छात्र-छात्राओं की उपलब्धियां विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं और उनका संस्थान से जुड़ाव नई पीढ़ी को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कुलसचिव डॉ. सोनिका कण्डारी ने कहा कि एल्यूमनाई मीट पुराने रिश्तों को फिर से जीवंत करने और वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र जहां भी हैं, अपनी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय अपने सभी पूर्व विद्यार्थियों का परिवार की तरह स्वागत करता है और उनके साथ आत्मीय संबंधों को लगातार मजबूत बनाए रखने की अपेक्षा करता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरैक्शन सत्र भावुकता और यादों से भरपूर रहा। वर्षों बाद मिले पुराने दोस्तों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं। किसी ने छात्र जीवन के मजेदार किस्से सुनाए, तो किसी ने अपने सफर के अनुभवों से दूसरों को प्रेरित किया। पुराने सहपाठियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिसर से मुलाकात के दौरान कई पूर्व छात्र भावुक नजर आए।

इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह का रंग और बढ़ा दिया। गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक प्रस्तुतियों के बीच पूर्व छात्रों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कहीं संगीत की धुनों पर कदम थिरकते दिखे, तो कहीं दोस्तों की टोली पुरानी यादों और हंसी-मजाक में खोई रही। सालों का अंतराल मानो कुछ ही पलों में मिट गया।

देर शाम से शुरू हुआ गीत-संगीत और उत्साह का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय में बिताए दिनों को जीवन की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल बताया। उनका कहना था कि वर्षों बाद अपने संस्थान और पुराने साथियों से मिलना घर वापसी जैसा अनुभव रहा।

एल्यूमनाई मीट-2026 ने जहां पुराने रिश्तों को नई ऊर्जा दी, वहीं वर्तमान विद्यार्थियों को वरिष्ठ पूर्व छात्रों के अनुभवों से सीखने और अपने भविष्य की दिशा तय करने का अवसर भी दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!