
देहरादून: गुजरात में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के एक परिवार को गहरा सदमा दिया है। शनिवार रात रण ऑफ कच्छ से लौट रहे सात लोगों की कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। इनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी।
जानकारी के अनुसार, हादसा 21 नवंबर की रात करीब 10 बजे गुजरात में नेशनल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण कि दो हिस्सों में बंट गई कार
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया, लेकिन किसी की जान नहीं बचाई जा सकी।
तीन महीने की बच्ची समेत सात लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी मौत हो गई।
एक ही हादसे में सात जिंदगियों का खत्म होना और परिवारों से मासूम बच्चों का छिन जाना बेहद दुखद है। उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से जुड़े इन परिवारों के लिए यह हादसा कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया है।













Leave a Reply