Advertisement

पार्किंग पर तकरार, फिर रिवॉल्वर से 4 गोलियां! रायवाला में भाई-बहन को निशाना बनाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: उत्तराखंड में मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। देहरादून जिले के रायवाला स्थित हरिपुर कला में वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर रिवॉल्वर से चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और भाई-बहन बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे हरिपुर कला के इंटर कॉलेज रोड की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शिवम लिंगवाल पुत्र नंदलाल ने रायवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि धर्मपाल उर्फ मुन्ना उनके घर के सामने पहुंचा और वहां खड़ी मोटरसाइकिल तथा पड़ोसी की कार को लात मारने लगा। इसके बाद आरोपी वाहन हटाने को लेकर गाली-गलौज करने लगा।

शिकायत के अनुसार, जब शिवम और उनके परिजनों ने आरोपी के व्यवहार का विरोध किया तो वह भड़क गया। आरोप है कि उसने रिवॉल्वर निकालकर मौके पर मौजूद लोगों की ओर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने एक के बाद एक चार राउंड गोली चलाई। इस दौरान गोली एक कार में जा लगी, जबकि वहां मौजूद भाई-बहन किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर अपने घरों में चले गए। कुछ स्थानीय लोगों ने घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर देर रात तक कोतवाली में मौजूद रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 24 नवंबर को आरोपी के खिलाफ धारा 109, 351 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धर्मपाल उर्फ मुन्ना (45) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी इंटर कॉलेज रोड, हरिपुर कला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और चार खोखे कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी उत्तराखंड के अलावा अन्य राज्यों से भी जुटाई जा रही है।

थाना प्रभारी रायवाला मोहन सिंह के मुताबिक, फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हरिपुर कला में पार्किंग जैसे मामूली विवाद के दौरान खुलेआम फायरिंग की घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया। हालांकि, इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन रिहायशी इलाके में गोलियां चलने से सुरक्षा को लेकर चिंताएं जरूर बढ़ी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!