देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा सहायक लेखाकार, रिकॉर्ड कीपर-कम-स्टोर कीपर, कार्यालय सहायक द्वितीय (लेखा), कैशियर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर के 63 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया गया है। आयोग ने अभिलेख सत्यापन (Scrutiny) के लिए 101 अभ्यर्थियों की अनंतिम श्रेष्ठता सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है।
लिखित परीक्षा एवं उत्तर कुंजी की प्रक्रिया
आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 69/उ0अ0से0आ0/2025 दिनांक 28 मार्च 2025 के अंतर्गत उपरोक्त पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 07 सितंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक किया गया था।
परीक्षा की अस्थायी उत्तर कुंजी 10 सितंबर 2025 को जारी की गई थी। अभ्यर्थियों से 15 सितंबर से 19 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन आपत्तियां प्राप्त की गईं। विषय विशेषज्ञों द्वारा आपत्तियों के निस्तारण के बाद संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई।
246 अभ्यर्थियों को टंकण परीक्षा के लिए किया गया चयन
संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर आयोग ने 02 जनवरी 2026 को 246 अभ्यर्थियों की अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी की थी, जिन्हें टंकण परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया गया।
टंकण परीक्षा का आयोजन 09 फरवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 तक किया गया।
63 पदों के सापेक्ष 1.5 गुना अभ्यर्थियों की सूची जारी
टंकण परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों में से कुल 63 रिक्त पदों के सापेक्ष 1.5 गुना अनुपात के अनुसार 101 अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन (Scrutiny) हेतु चयनित किया गया है। इन अभ्यर्थियों की अनंतिम सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध है।
अभिलेख सत्यापन की तिथि
चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच (Scrutiny) निम्न तिथियों पर आयोग कार्यालय में की जाएगी —
- 09 मार्च 2026
- 10 मार्च 2026
महत्वपूर्ण निर्देश:
- अभिलेख सत्यापन की अलग से व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी।
- निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों का दावा निरस्त कर दिया जाएगा।
- भविष्य में अनुपस्थित अभ्यर्थियों का कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- पदों की वरीयता एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी किए जाएंगे।
यह जानकारी आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल द्वारा जारी प्रेस नोट में दी गई है।













Leave a Reply