दर्दनाक संयोग: बेटे के जन्मदिन पर मां की मौत, राणा परिवार पर टूटा दूसरा वज्रपात

देहरादून। विश्वविख्यात निशानेबाज और द्रोणाचार्य सम्मानित कोच जसपाल राणा के परिवार पर दुखों का दूसरा बड़ा आघात पड़ा है। जसपाल राणा के निधन के महज 16 दिन बाद उनकी मां श्यामा राणा का भी रविवार को निधन हो गया। संयोग यह रहा कि जिस दिन श्यामा राणा ने अंतिम सांस ली, उसी दिन उनके दिवंगत बेटे जसपाल राणा का जन्मदिन भी था।

श्यामा राणा लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं और दिल्ली के आरआर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। रविवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से खेल जगत, उत्तराखंड और राणा परिवार के शुभचिंतकों में गहरा शोक है।

बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई थी

परिजनों के अनुसार, श्यामा राणा की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें जसपाल राणा के निधन की जानकारी नहीं दी गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि इससे उनकी मानसिक स्थिति पर अतिरिक्त असर नहीं पड़ेगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

12 जून को हुआ था जसपाल राणा का निधन

विश्वविख्यात निशानेबाज जसपाल राणा का 12 जून को आकस्मिक निधन हो गया था। जानकारी के अनुसार, म्यूनिख में आयोजित ISSF World Cup से लौटते समय विमान में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। दिल्ली पहुंचने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

उनके निधन से भारतीय निशानेबाजी जगत को बड़ी क्षति पहुंची थी। उन्होंने खिलाड़ी और कोच दोनों रूपों में देश को कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां दिलाईं और उन्हें द्रोणाचार्य सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।

शोक की लहर

जसपाल राणा और अब उनकी मां श्यामा राणा के लगातार निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। खेल जगत, सामाजिक संगठनों और उत्तराखंड के लोगों ने दोनों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!