देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने अंतर्गत वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 75 पदों की भर्ती प्रक्रिया के तहत वाहन संचालन दक्षता परीक्षा (Driving Skill Test) को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग के अनुसार, उक्त पदों के लिए वाहन संचालन दक्षता परीक्षा 20 जुलाई 2026 से आयोजित की जाएगी।
आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन संख्या 75/उ0अ0से0च0आ0/2026 (दिनांक 10 अप्रैल 2026) के क्रम में विभिन्न विभागों में अंतर्गत वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 75 पदों के लिए लिखित परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा के आधार पर रिक्त पदों के सापेक्ष निर्धारित अनुपात में वाहन संचालन की तकनीकी परीक्षा के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 19 जून 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जा चुकी है।
आयोग ने बताया कि वाहन संचालन दक्षता परीक्षा के लिए अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र 13 जुलाई 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे। वाहन संचालन दक्षता परीक्षा के स्थल, तिथि एवं समय की जानकारी अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दिन वे अपने साथ वैध ड्राइविंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस की स्वप्रमाणित छायाप्रति, फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से लेकर निर्धारित समयानुसार परीक्षा स्थल पर उपस्थित हों।
इसके साथ ही आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए वाहन संचालन दक्षता परीक्षा के प्रत्येक इवेंट में प्रतिभाग करना तथा निर्धारित समय के भीतर प्रत्येक इवेंट पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से समय-समय पर नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in का नियमित अवलोकन करते रहने की अपील की है।













Leave a Reply