बड़ी खबर : मुख्यमंत्री धामी पहुंचे सहसपुर, 1000 से ज्यादा लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, कई बड़ी घोषणाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आम जनता के और अधिक करीब लाना है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान ने शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाई है।

65 दिनों में लगे 700 जनसेवा शिविर, 5 लाख से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून जिले में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि लगभग 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। 4 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 64 हजार से अधिक नागरिकों ने भाग लिया है। इस दौरान प्राप्त 5,567 शिकायतों में से 4,951 का समाधान किया जा चुका है तथा 2,522 नागरिकों को विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

सहसपुर शिविर में 1000 से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित जनसेवा शिविर में 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत प्रमाण-पत्र, सहायता राशि एवं अन्य सुविधाएं वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तेजी से बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा” का विजन तेजी से साकार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पहली बार उत्तराखंड में जी-20 बैठकें, राष्ट्रीय खेल, शीतकालीन यात्रा और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। वहीं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके तहत 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी है।

जन समस्याओं पर मौके पर दिए अधिकारियों को निर्देश

जनसेवा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

मुख्य घोषणाएं इस प्रकार रहीं—

  • कारबारी ग्रांट में 30 सोलर लाइट लगाने के लिए एमडीडीए को 2 माह में कार्य पूरा करने के निर्देश।
  • बबली गुप्ता को जूट बैग निर्माण के लिए तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश।
  • सेलाकुई नगर पंचायत में सड़क, नालियां, जल निकासी और इंटरलॉकिंग मार्ग के निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग को कार्रवाई के निर्देश।
  • गोकुल फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश।
  • भाऊवाला पुल के पास श्मशान घाट निर्माण के लिए 2 माह में कार्य पूरा करने के निर्देश।
  • अटकफार्म एवं सेंट्रल होपटाउन के बंदोबस्त संबंधी समस्या के समाधान के लिए सचिव राजस्व को 15 दिन का समय।
  • भगवानपुर बहुगुणा मार्ग पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से पार्क एवं ओपन जिम निर्माण के लिए एमडीडीए को निर्देश।
  • बड़ोवाला में डिस्पेंसरी एवं एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को एक माह में कार्रवाई के निर्देश।

कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, दायित्वधारी विनय रोहिला, पुनीत मित्तल, ओमवीर सिंह, भुवन विक्रम डबराल, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!