देहरादून। राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह से सराबोर वातावरण में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRR University) एवं एसजीआरआर समूह के सभी संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। तिरंगे के रंगों से सजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और अमर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
श्री दरबार साहिब परिसर में फहराया गया तिरंगा
श्री दरबार साहिब परिसर में सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सुबह 8 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कुलपति प्रो. डॉ. के. प्रतापन ने किया ध्वजारोहण
एसजीआरआर विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने सुबह 9 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब हम अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का दायित्व केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकें।
कुलपति ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है।
एनसीसी कैडेट्स ने किया मार्च पास्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, कविताओं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
विश्वविद्यालय परिसर में गूंजते देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे छात्र-छात्राएं
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।














Leave a Reply