ब्रेकिंग : देहरादून में कल सभी स्कूल रहेंगे बंद, आदेश जारी

देहरादून। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। देहरादून जिले में 20 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान की ओर से 19 अगस्त 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के National Disaster Alert Portal से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 अगस्त को देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।

मौसम की गंभीर स्थिति और संभावित आपदा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए यह अवकाश घोषित किया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को कम किया जा सके।

सरकारी और निजी सभी स्कूल रहेंगे बंद

आदेश के अनुसार देहरादून जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूल 20 अगस्त 2026 को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा।

अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश

जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया है कि जिले के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए।

प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!