देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश निवासी फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम देखते थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर समस्या की जांच के लिए जनरेटर रूम में गए थे। बुधवार सुबह गार्ड ने दोनों को कमरे के अंदर अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पटेल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आशंका है कि जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से दोनों इंजीनियरों की मौत हुई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जनरेटर रूम में हुए घटनाक्रम की भी जानकारी जुटाई जा रही है।












Leave a Reply