Advertisement

नशे पर चोट, 275 बच्चों को जागरूकता की डोज; बाल दिवस पर चला NALSA का अभियान

देहरादून: बाल दिवस के अवसर पर देहरादून में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के DAWN अभियान के तहत मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल, बड़ा भारूवाला, क्लेमेंट टाउन में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से आयोजित इस शिविर में सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने बच्चों को नशे से होने वाले नुकसान और इससे दूर रहने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है, ताकि वे गलत आदतों से बचकर सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सकें।

शिविर में बच्चों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और पॉक्सो एक्ट (POCSO) के बारे में भी विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, साइबर सुरक्षा तथा किसी भी तरह के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। बच्चों को बताया गया कि किसी भी परेशानी में वे 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने भी बच्चों को नशे के दुरुपयोग से होने वाले शारीरिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को शिविर में मिली सीख को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी।

शिविर के दौरान नशे के विरुद्ध संदेश देने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सचिव सीमा डुंगराकोटी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य शहजाद अली को मेडिकल किट भी भेंट की।

कार्यक्रम में बच्चों की समस्याएं सुनने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्प डेस्क भी लगाई गई। यहां छात्र-छात्राओं ने प्राविधिक कार्यकर्ताओं से बातचीत कर अपनी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

जागरूकता शिविर के बाद नशे के खिलाफ रैली निकाली गई। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र में लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने इस पहल के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया। कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, साजिदा और अंजना रंसवाल ने सहयोग किया।

गौरतलब है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से NALSA के DAWN अभियान के तहत 14 से 27 नवंबर 2026 तक बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत जिला जज एवं प्राधिकरण अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!