
नई व्यवस्था का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के साथ ही पैसे के लेन-देन को सुरक्षित करना है। खास बात यह है कि अब पैसे भेजने के लिए हर व्यक्ति के पास अपना बैंक खाता होना अनिवार्य नहीं होगा। हालांकि, इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए निर्धारित पहचान और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।
बिना बैंक खाते के ऐसे भेज सकेंगे 50 हजार रुपये
RBI की नई गाइडलाइंस के अनुसार, बैंक शाखा में पहुंचकर कोई भी व्यक्ति NEFT के जरिए किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में अधिकतम 50,000 रुपये भेज सकता है। इसके लिए रकम भेजने वाले व्यक्ति का संबंधित बैंक में खाता होना जरूरी नहीं है। यानी बैंक खाते के अभाव में भी आप अपने रिश्तेदार या किसी अन्य व्यक्ति के अकाउंट में सीधे पैसे जमा करा सकेंगे।
कैश पे-आउट पर तय हुई ट्रांजैक्शन लिमिट
नई व्यवस्था में कैश पे-आउट यानी नकद भुगतान की सीमा भी निर्धारित की गई है। इसके तहत बैंक अपने खाताधारक के खाते से ऐसे लाभार्थी को नकद भुगतान की सुविधा दे सकते हैं, जिसका बैंक में खाता नहीं है।
इस सुविधा के अंतर्गत एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये और एक लाभार्थी को महीनेभर में कुल 25,000 रुपये तक नकद भुगतान किया जा सकेगा। लाभार्थी ATM, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) यानी बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि या अन्य अधिकृत पेमेंट चैनलों के माध्यम से रकम प्राप्त कर सकता है।
पैसे भेजने वाले ग्राहक का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
RBI ने मनी ट्रांसफर से जुड़ी प्रक्रिया में पहचान सुनिश्चित करने के लिए रजिस्ट्रेशन को भी जरूरी बनाया है। रेमिटिंग बैंक और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट को कैश जमा करने की सुविधा का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों का पंजीकरण करना होगा।
यह प्रक्रिया RBI के KYC निर्देश, 2025 के अनुरूप होगी। इसके लिए ग्राहक का सत्यापित मोबाइल नंबर और स्वयं प्रमाणित आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेज (OVD) आवश्यक होगा।
हर लेन-देन पर होगी अतिरिक्त सुरक्षा जांच
मनी ट्रांसफर में धोखाधड़ी और अनधिकृत लेन-देन को रोकने के लिए प्रत्येक ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त पहचान सत्यापन यानी एडिशनल फैक्टर ऑफ ऑथेंटिकेशन (AFA) लागू करना होगा। इसके अलावा बैंकों और गैर-बैंक पेमेंट ऑपरेटरों को वेलोसिटी चेक की व्यवस्था भी करनी होगी, ताकि कम समय में बार-बार होने वाले लेन-देन पर नजर रखी जा सके।
असामान्य ट्रांजैक्शन पर बैंक रखेंगे नजर
नई गाइडलाइंस के तहत खाते में रकम जमा होने पर ग्राहकों को अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा। यदि किसी बैंक खाते या खातों के समूह में अचानक असामान्य तरीके से बड़ी रकम जमा होती है, तो बैंक को इसकी जांच करनी होगी। वहीं, संदिग्ध लेन-देन की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना भी जरूरी होगा।
RBI की इस व्यवस्था से उन लोगों को राहत मिल सकती है, जिन्हें बैंक खाता नहीं होने के कारण दूसरे व्यक्ति तक रकम पहुंचाने में परेशानी होती है। साथ ही नकद भुगतान और मनी ट्रांसफर की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा सुरक्षा बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।













Leave a Reply