Advertisement

अल्मोड़ा में मौत बनकर आई रात, खाई में गिरा वाहन, तीन की दर्दनाक मौत

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। धौलछीना थाना क्षेत्र के हरड़ा इलाके में देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता स्थानीय लोगों को अगली सुबह चला, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात के समय हुआ। सुबह जब स्थानीय लोगों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिखाई दिया तो उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ को भी बुलाया गया।

एसडीआरएफ ने खाई से बरामद किए तीनों शव

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से तीनों लोगों के शव बरामद किए गए।

इसके बाद एसडीआरएफ ने तीनों शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान हयात सिंह (36), पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम न्योली, अल्मोड़ा; बसंती देवी (40), पत्नी हिम्मत सिंह, निवासी ग्राम हरड़ा, अल्मोड़ा और बीना देवी (19), पुत्री हिम्मत सिंह, निवासी अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

कैंची धाम के पास भी खाई में गिरी थी कार

उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अल्मोड़ा की इस घटना से पहले नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां बरेली से आए पर्यटकों की स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान सतर्कता और सुरक्षित यातायात की जरूरत को एक बार फिर रेखांकित करते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!