Advertisement

कोषागार कर्मचारी संगठन में नई टीम का ऐलान, नरेंद्र सिंह नेगी अध्यक्ष तो दिवाकर कोठारी बने महामंत्री

हरिद्वार। कोषागार कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड के प्रांतीय अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का निर्वाचन संपन्न हुआ। नरेंद्र सिंह नेगी को संगठन का प्रांतीय अध्यक्ष और दिवाकर कोठारी को प्रांतीय महामंत्री निर्वाचित किया गया। अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता मजबूत करने और कर्मचारियों की जायज मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया।

हरिद्वार में आयोजित इस प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन जनपद अध्यक्ष विकास कुमार त्यागी एवं जिला मंत्री विनय कुमार सैनी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्वाचन में नरेंद्र सिंह नेगी को अध्यक्ष और दिवाकर कोठारी को महामंत्री चुना गया। इसके अलावा प्रदीप ध्यानी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तनुजा बहुगुणा को महिला उपाध्यक्ष, विजयपाल चौहान को उपाध्यक्ष, देवेंद्र गौड़ को कोषाध्यक्ष तथा अरविंद कुमार को ऑडिटर निर्वाचित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया मुख्य चुनाव आयुक्त पी.सी. सैनी और सहायक चुनाव आयुक्त राजीव गुप्ता की देखरेख में संपन्न हुई। चुनाव अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराने के बाद परिणाम घोषित किए।

अधिवेशन के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ ही कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कर्मचारियों की जायज मांगों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाने और उनके निराकरण के लिए प्रभावी पहल करने की बात कही।

कार्यक्रम का संचालन कृष्ण प्रसाद थपलियाल एवं रजनीश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मोहित पाल, पंकज गुप्ता, अनिरुद्ध शर्मा, योगेश गुप्ता, सुशील जोशन, चाहत जोशी और महावीर त्यागी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!