
हरिद्वार: हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान हिंसा हो गई। शिवगढ़ गांव में पंचायत के बीच सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ गांव निवासी कमलेश पौड़ी गढ़वाल के जहरीखाल क्षेत्र में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह अवकाश पर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान गांव के एक युवक और युवती के प्रेम प्रसंग तथा घर से भागकर शादी करने का मामला सामने आया। बताया गया कि प्रेमी युगल को इस मामले में उच्च न्यायालय से सुरक्षा देने के आदेश भी प्राप्त हैं।
प्रेम विवाह के मामले को लेकर युवती पक्ष के लोगों की ओर से गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में कमलेश भी मौजूद थे। इसी दौरान बातचीत के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से उनकी गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं। घटना के बाद पंचायत में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायल अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराया और मामले में तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













Leave a Reply