
देहरादून: देहरादून में जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना कराई जाएगी।
जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कार्यालय समय समाप्त होने तक की जाएगी। वहीं, 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी नियमानुसार चुनाव परिणाम घोषित करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला पंचायत मुख्यालय, संबंधित कार्यालयों और नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि निर्वाचन से जुड़ी जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंच सके।
जिला योजना समिति का निर्वाचन उत्तराखंड जिला योजना समिति अधिनियम, 2007 और जिला योजना समिति नियमावली, 2010 के प्रावधानों के तहत संपन्न कराया जाएगा। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून जिला योजना समिति चुनाव का पूरा कार्यक्रम
- 12 अक्टूबर 2026: नामांकन, सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक
- 13 अक्टूबर 2026: नामांकन पत्रों की जांच, सुबह 10 बजे से कार्यालय समय समाप्त होने तक
- 14 अक्टूबर 2026: नाम वापसी, सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक
- 16 अक्टूबर 2026: मतदान, सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक
- 16 अक्टूबर 2026: मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना














Leave a Reply