Advertisement

SGRRU खेलोत्सव में मैनेजमेंट स्कूल का जलवा, ओवरऑल ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के छह दिवसीय वार्षिक खेल आयोजन ‘खेलोत्सव-2026’ का सोमवार को रंगारंग समापन हो गया। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने 15 खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। सर्वाधिक पदक हासिल कर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।

विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने खेलोत्सव के सफल आयोजन पर सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, आयोजकों और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

गणेश वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समापन समारोह

समापन समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ। छात्राओं की भक्तिमय प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने जोश और उमंग से भरपूर गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह में उत्साह का संचार किया।

मुख्य अतिथि कुलपति विपिन चन्द्र घिल्डियाल ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संतुलित और बहुआयामी बनाती है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसा सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां वे शैक्षणिक और खेल दोनों क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।

विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विश्वविद्यालय की जीवंत और अनुशासित शैक्षणिक संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों, फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों की सराहना की।

खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

खेलोत्सव-2026 की विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रमुख स्पर्धाओं के परिणाम इस प्रकार रहे:

  • 100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग): स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंशुल बिष्ट प्रथम रहे।
  • 100 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग): स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज की पूजा ने पहला स्थान हासिल किया।
  • 200 मीटर रिले (बालक वर्ग): स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की टीम विजेता रही।
  • 200 मीटर रिले (बालिका वर्ग): स्कूल ऑफ नर्सिंग की टीम ने खिताब अपने नाम किया।
  • 800 मीटर दौड़ (बालक वर्ग): स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
  • 800 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग): स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की खिलाड़ी अव्वल रहीं।

क्रिकेट में ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की टीम विजेता

खेलोत्सव के क्रिकेट फाइनल में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज और स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नैचुरोपैथी के बीच मुकाबला हुआ। शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की टीम ने 25 रन से जीत दर्ज कर क्रिकेट का खिताब अपने नाम किया।

फैकल्टी क्रिकेट का फाइनल मुकाबला श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरी बाग कैंपस और पटेल नगर कैंपस के बीच खेला गया। डॉ. अरुण कुमार के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत पटेल नगर कैंपस ने फाइनल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

खेलोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मंच

खेलोत्सव-2026 के सचिव एवं विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सत्य प्रकाश जोशी ने खेल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिताओं का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने कहा कि खेलोत्सव केवल पदक और ट्रॉफी जीतने का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का अवसर है।

उन्होंने कहा, “जो जीतता है, वह प्रेरणा बनता है और जो हारता है, वह सीखता है।”

समापन अवसर पर खेलोत्सव-2026 की चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी ने अतिथियों, प्रतिभागियों, फैकल्टी सदस्यों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत ने किया।

इस अवसर पर डॉ. गणराजन, डॉ. आशीष कुलश्रेष्ठ, डॉ. राजेन्द्र नेगी, डॉ. मंजुषा त्यागी सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, छात्र-छात्राएं और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!