Advertisement

देहरादून में रिश्तों का कत्ल: संपत्ति विवाद में मामा ने भांजे पर किया जानलेवा हमला

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में संपत्ति विवाद ने एक युवक की जान ले ली। घर में कमरे के बंटवारे और दीवार बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामा ने अपने बेटे और पत्नी के साथ मिलकर भांजे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मामा, उसके बेटे और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से तरला अधोईवाला में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि नितिन कुमार और उसके परिवार का अपनी बहन गुड्डी तथा भांजे गौरव के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।

बताया गया कि घर में दीवार बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि नितिन कुमार ने अपने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गौरव पर चाकू और खुखरी से हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायल गौरव को निजी वाहन से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस झड़प में रोहित उर्फ भोली और कमला देवी भी घायल हुए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मां की मौत के बाद शुरू हुआ था संपत्ति को लेकर विवाद

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन ने बताया कि उसकी मां की मृत्यु के बाद अधोईवाला स्थित घर में एक कमरा उसकी बहन गुड्डी को दिया गया था। इसी बंटवारे को लेकर बहन और भांजे गौरव के साथ उसका विवाद चल रहा था। 9 नवंबर को दीवार बनाने को लेकर फिर से कहासुनी हुई और मामला हिंसक हो गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान नितिन ने अपने बेटे रोहित और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गौरव पर हमला किया।

मामा, बेटा और पत्नी गिरफ्तार

एसपी देहात जया बलूनी के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए नितिन कुमार (44), उसके बेटे रोहित कुमार (21) और पत्नी कविता (40) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक खुखरी भी बरामद की गई है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!