Advertisement

छुट्टी के नाम पर फर्जीवाड़ा! भाईदूज का आदेश निकला नकली

देहरादून: उत्तराखंड में भाईदूज के अवसर पर 11 नवंबर 2026 को सरकारी अवकाश घोषित किए जाने का एक आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आदेश को पूरी तरह फर्जी और कूटरचित बताया है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार ने 11 नवंबर को भाईदूज का कोई अवकाश घोषित नहीं किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा भाईदूज के अवकाश का फर्जी आदेश प्रसारित किया गया है। इस आदेश में पहले जारी महानवमी के अवकाश से संबंधित अधिसूचना के साथ छेड़छाड़ कर नई तारीख और त्योहार का उल्लेख किया गया है।

विभाग ने बताया कि 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को महानवमी के अवसर पर घोषित अवकाश के लिए अधिसूचना संख्या 1457 दिनांक 17 अक्टूबर 2026 जारी की गई थी। इसी अधिसूचना में कूटरचना करते हुए 11 नवंबर 2026 को भाईदूज का अवकाश दिखाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आदेश को पूरी तरह फर्जी और निराधार बताते हुए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से इसका खंडन प्रसारित करने का अनुरोध किया है। साथ ही फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।

ऐसे में सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों को सलाह है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अवकाश संबंधी आदेशों पर बिना आधिकारिक पुष्टि के भरोसा न करें। छुट्टी से जुड़ी सही जानकारी के लिए शासन की आधिकारिक अधिसूचना पर ही विश्वास करें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!