Advertisement

कसार देवी के होमस्टे में दिल्ली के पर्यटक की मौत, कमरे में मिला शव

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा स्थित कसार देवी के एक होमस्टे में दिल्ली निवासी 39 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पर्यटक का शव सुबह कमरे के भीतर मिलने से होमस्टे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मौत की वजह स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

मृतक की पहचान दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली निवासी संजय तालुकदार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजय ने बीती 10 अक्टूबर को कसार देवी स्थित एक होमस्टे में एक महीने के प्रवास के लिए कमरा किराये पर लिया था। होमस्टे संचालक के मुताबिक, यहां पहुंचने के समय उनका स्वास्थ्य सामान्य था, लेकिन बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

सुबह काफी देर तक जब संजय कमरे से बाहर नहीं आए तो होमस्टे संचालक को चिंता हुई। कमरे में जाकर देखने पर संजय मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित किए और कमरे को सील कर दिया।

पुलिस शव को बेस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया। बताया जा रहा है कि संजय का पूर्व में लिवर का ऑपरेशन हुआ था। पुलिस को आशंका है कि उनकी मौत बीमारी के कारण हुई हो सकती है, लेकिन फिलहाल इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार के अनुसार, मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद परिजन अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!