Advertisement

पंचूर में पसरा मातम, योगी आदित्यनाथ की मां ने दुनिया को कहा अलविदा

पौड़ी गढ़वाल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी माता सावित्री देवी का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में शोक का माहौल है। परिवार की ओर से इस दुखद समाचार की पुष्टि की गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

88 वर्ष की थीं सावित्री देवी

योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी 88 वर्ष की थीं। वह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव में रहती थीं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। उस दौरान योगी आदित्यनाथ भी अपनी मां का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।

पंचूर गांव से है योगी आदित्यनाथ का नाता

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मूल गांव पंचूर है। उनका परिवार आज भी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में रहता है। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी वर्ष 2020 में निधन हो गया था। अब उनकी माता सावित्री देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सीएम धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!