Advertisement

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ की एंट्री, CM धामी ने किया बड़ा ऐलान

देहरादून: देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ ‘तेजस’ देखने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले चिड़ियाघर में दूसरी प्रजाति के दो बाघ भी लाए जा चुके हैं।

कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। सरकार का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल घूमने-फिरने का स्थान नहीं है, बल्कि यह बच्चों और युवाओं को प्रकृति, वन्यजीवों और पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है।

पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वनाच्छादित राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!