Advertisement

चुनावी शपथ पत्र विवाद में खुशाल अधिकारी को राहत, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने लोहाघाट विधानसभा सीट से जुड़े 2022 के चुनाव विवाद में कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को राहत दी है। अदालत ने भाजपा नेता पूरन सिंह फर्त्याल की ओर से दायर चुनाव याचिका खारिज कर दी है। याचिका में अधिकारी पर चुनाव के दौरान गलत शपथ पत्र दाखिल करने और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने के आरोप लगाए गए थे।

उत्तराखंड हाईकोर्ट के इस फैसले से लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को चुनावी विवाद में बड़ी कानूनी राहत मिली है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के परिणाम को चुनौती देते हुए भाजपा नेता पूरन सिंह फर्त्याल ने अदालत में याचिका दाखिल की थी। अब करीब चार साल बाद इस मामले में फैसला आया है।

पूरन फर्त्याल ने निर्वाचन निरस्त करने की उठाई थी मांग

यह विवाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। लोहाघाट विधानसभा सीट पर भाजपा के पूरन सिंह फर्त्याल और कांग्रेस के खुशाल सिंह अधिकारी आमने-सामने थे। चुनाव में खुशाल सिंह अधिकारी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद पूरन सिंह फर्त्याल ने चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया था।

चुनाव याचिका में आरोप लगाया गया था कि खुशाल सिंह अधिकारी ने चुनाव के दौरान गलत शपथ पत्र दाखिल किया और कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया। याचिका के जरिए पूरन फर्त्याल ने खुशाल सिंह अधिकारी का निर्वाचन निरस्त करने और उन्हें विधायक घोषित करने की मांग की थी।

चार साल बाद खारिज हुई चुनाव याचिका

मामले में लंबे समय तक कानूनी कार्यवाही चलने के बाद अब उत्तराखंड हाईकोर्ट ने पूरन सिंह फर्त्याल की चुनाव याचिका खारिज कर दी है। अदालत के फैसले से कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को बड़ी राहत मिली है। विधायक की ओर से अधिवक्ता पीयूष गर्ग ने अदालत में पक्ष रखा।

हाईकोर्ट के इस फैसले को लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी विवाद में मिली इस राहत से खुशाल सिंह अधिकारी की स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!